MP News: नाले में मिला पटवारी के बेटे का शव, पास में पड़ी थी बाइक; पिता ने जताई हत्या की आशंका

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में शुक्रवार सुबह गुना बायपास रोड स्थित थीम रोड पर श्रीराम धर्म कांटे के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शिवम शर्मा के रूप में हुई है। वह विवेकानंद कॉलोनी का निवासी था और एक निजी सोलर कंपनी में नौकरी करता था। उसके पिता पटवारी हैं। युवक का शव पुल के नीचे नाले में पड़ा मिला, जबकि पास में ही उसकी बाइक भी बरामद हुई।

बेटे का शव देखकर पिता सुरेश शर्मा बदहवास हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद पिता ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है।

परिजनों के मुताबिक, शिवम गुरुवार शाम को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस शिवम की गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुल के नीचे नाले में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास बाइक भी मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताया गया है कि शिवम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल, मामले में हत्या की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post