Jabalpur News: राहड़ की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा; 7.2 किलो गांजा जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गांजे के साथ पकड़ा है। आरोपी ने अपने खेत में लगी राहड़ की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस ने मौके से गांजे के 12 पौधे उखाड़कर कुल 7 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के अनुसार पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिलुआ रमनपुर निवासी सुम्मेरा गौंड अपने खेत में गांजे के पौधे लगाए हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर मिले संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुम्मेरा गौंड, पिता बसोरी लाल गौंड, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सिलुआ रमनपुर बताया।

पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो राहड़ की फसल के बीच करीब ढाई से सात फीट तक ऊंचे गांजे के 12 पौधे लगे मिले। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर मिट्टी अलग की और गांजे का वजन किया, जो कुल 7 किलो 200 ग्राम निकला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी सुम्मेरा गौंड के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक आलोक सिंह, प्रधान आरक्षक प्रभूदयाल डेहरिया तथा आरक्षक मिथलेश, सुधीर और उमाशंकर डेहरिया की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post