MP News: शौच से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, दो ने पकड़े हाथ तो तीसरे ने जांघ में घोंपा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र के धुवातला के पास गुरुवार रात शौच से लौट रहे एक युवक पर तीन लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि विवाद करने से मना करने पर दो आरोपियों ने युवक के हाथ पकड़ लिए, जबकि तीसरे ने उसकी जांघ में चाकू मार दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान धुवातला निवासी यदुनंदन पटेल (27), पिता रामदास पटेल के रूप में हुई है। यदुनंदन ने बताया कि वह गुरुवार रात शौच के लिए गया था। वापस लौटते समय रास्ते में दुर्गेश रैकवार अपने दो साथियों के साथ मिल गया। तीनों ने उसे रोककर विवाद शुरू कर दिया।

युवक ने जब विवाद करने से मना किया, तो दो आरोपियों ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसी दौरान दुर्गेश रैकवार ने उसकी जांघ में चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post