दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के बेहद व्यस्त रहने वाले बल्देवबाग चौराहे के पास दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ अज्ञात बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप एवं डेयरी व्यवसायी की खड़ी कार से रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में करीब 3 लाख 50 हजार रुपए की नकदी रखी हुई थी।
कार का पंचर बनवाते रहे व्यवसायी, नजर हटी तो गायब हो गया बैग
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यवसायी अशोक ग्रोवर अपने घर के समीप कार का पंचर बनवा रहे थे। उन्होंने रुपयों से भरा बैग कार की सीट पर रखा हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर शातिर बदमाशों ने चुपके से कार का दरवाजा खोला और बैग लेकर चंपत हो गए। पंचर बनवाने के बाद जब व्यवसायी कार के पास पहुंचे और उनकी नजर सीट पर पड़ी, तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों से पूछताछ की और तलाश शुरू की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
CCTV खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि व्यापारी अशोक ग्रोवर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
