दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संगीता जायसवाल ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति नितिन जायसवाल की हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला ने पड़ोसियों से कहा कि उसके परिवार को सूचना दे दें, ताकि वे बच्चों को संभाल सकें। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मृतक नितिन जायसवाल पुताई का काम करता था। करीब सात साल पहले उसकी शादी संगीता से हुई थी। दंपती का तीन साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि नितिन को शराब पीने की आदत थी और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार झगड़ा बढ़ने पर पड़ोसियों को बीच-बचाव भी करना पड़ता था।
रविवार दोपहर को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शाम को एक बार फिर घर से झगड़े और चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने लगीं। आवाज सुनकर पड़ोसी प्रमोद मसीह अन्य लोगों के साथ नितिन के घर पहुंचे। वहां कमरे में नितिन खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
पड़ोसियों के पूछने पर संगीता ने कथित तौर पर बताया कि नितिन उसके साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से नितिन के सिर और चेहरे पर वार कर दिए। हमले में नितिन की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने पड़ोसियों से अपने परिवार को सूचना देने के लिए कहा, ताकि परिवार के लोग बच्चों की देखभाल कर सकें।
Tags
jabalpur
