दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। दमोह-जबलपुर मार्ग पर नोहटा थाना क्षेत्र के अभाना गांव के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। स्कूल जा रही तीन छात्राओं को एक तेज रफ्तार बस ने अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद प्रशासन ने बस पर कड़ी कार्रवाई की है।
सड़क किनारे सही दिशा में जा रही थीं छात्राएं
यह हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। अभाना गांव की रहने वाली तीन छात्राएं—आरुषि ठाकुर, दसोदा पटेल और नित्या सेन—घर से अग्रवाल स्कूल जा रही थीं। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीनों छात्राएं सड़क की बिल्कुल सही साइड पर चल रही थीं, तभी दमोह से जबलपुर की ओर जा रही नूरी ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस अचानक उनकी तरफ मुड़ी और उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई।
इस भीषण टक्कर में दसोदा और आरुषि की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नित्या सेन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों ने किया था चक्काजाम
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर दमोह-जबलपुर रोड पर करीब 2 घंटे तक जोरदार चक्काजाम कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
बस मालिक और ड्राइवर पर केस, परमिट सस्पेंड
रविवार रात हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने सख्त एक्शन लिया है। एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस ड्राइवर और बस मालिक दोनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसके साथ ही परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नूरी ट्रेवल्स की इस बस का दमोह-जबलपुर रूट का परमिट (फेरा) सस्पेंड कर दिया है। यह पूरा हादसा अभाना के पूर्व सरपंच के घर के बाहर लगे कैमरे में कैद हुआ था, जिससे चालक की लापरवाही पूरी तरह बेनकाब हो गई है। दमोह जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और एक दिन पहले हुई अन्य मौतों के बाद इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
madhya pradesh
