Jabalpur News: होटल गुलजार संचालक से 9 लाख ऐंठने वाला जालसाज गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कम ब्याज दर पर 15 करोड़ रुपए का लोन दिलाने और स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को मदनमहल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

मदनमहल थाना क्षेत्र स्थित होटल गुलजार, महानद्दा के संचालक संजय भाटिया (61) ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक होटल में टेंट और कैटरिंग का काम करने वाले सिल्पेश शिवहरे ने वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात ब्रजेश तिवारी से कराई। ब्रजेश ने खुद को मुंबई निवासी बताते हुए कम ब्याज दर पर प्राइवेट बैंक से लोन दिलाने का दावा किया।

15 करोड़ के लोन के लिए मांगे 15 लाख

आरोपी ने अपनी फर्म 'अर्थ प्रापर्टीज एवं इस्टेट कंसल्ट, मुंबई' का हवाला देते हुए भरोसा दिलाया कि वह पहले भी कई लोगों को लोन दिला चुका है। संजय भाटिया ने अपनी फर्म 'स्वर्णलता एंटरप्राइजेज' के लिए 15 करोड़ रुपए का लोन मांगा। इसके बाद आरोपी ने 15 लाख रुपए एडवांस स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर जमा करने को कहा।

NEFT से 9 लाख रुपए ट्रांसफर

आरोपी के झांसे में आकर संजय भाटिया ने जुलाई और अगस्त 2024 के बीच अपनी फर्म के SBI खाते से ब्रजेश तिवारी की फर्म के कर्नाटका बैंक खाते में NEFT के जरिए कुल 9 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।

फर्जी एग्रीमेंट भेजकर मांगे 6 लाख

रुपए मिलने के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर 'एट फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड, गोरेगांव वेस्ट, मुंबई' का कथित शॉर्ट टर्म एग्रीमेंट भेजा और बाकी 6 लाख रुपए तत्काल जमा करने का दबाव बनाया। संदेह होने पर फरियादी ने रकम देने से इनकार कर दिया।

पूछताछ में सिल्पेश शिवहरे ने बताया कि ब्रजेश ने उससे भी लोन दिलाने के नाम पर 3.50 लाख रुपए लिए हैं। इसके बाद संजय भाटिया ने अपने 9 लाख रुपए वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर मदनमहल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post