पंजाब CM के कैंप ऑफिस में CBI रेड, 8 ठिकानों पर छापेमारी; OSD समेत 6 पर भ्रष्टाचार की FIR

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार शाम CBI ने छापेमारी की। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश और ED की रिपोर्ट के आधार पर CBI ने मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन समेत 6 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया है।

CBI की टीमें चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में कुल 8 ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान कई लैपटॉप, मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

CBI की FIR में राजबीर घुम्मन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि पैसों के बदले प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करने, अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी नीतियों, टेंडर, लाइसेंस, CLU और जमीन-राजस्व से जुड़े मामलों में कथित तौर पर हस्तक्षेप किया गया।

मामले की शुरुआत ED की जांच से हुई थी। ED ने जुलाई-अगस्त 2026 में पंजाब के DGP को पत्र भेजकर FIR दर्ज करने की मांग की थी। आरोप है कि जांच के दौरान WhatsApp चैट और अन्य डिजिटल सबूत सामने आए, जिनमें सरकारी कामकाज और प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करने से जुड़ी बातचीत थी।

5 अक्टूबर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने CBI जांच के आदेश दिए और एजेंसी को FIR दर्ज कर जांच करने तथा दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा। इसके बाद पंजाब सरकार ने इस आदेश को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन तत्काल राहत नहीं मिली।

CBI की कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री कैंप ऑफिस के बाहर चंडीगढ़ पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी की गई। आम आदमी पार्टी ने कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया, जबकि भाजपा नेताओं ने आरोपों की जांच का स्वागत किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post