दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए आंकी गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कंटेनर में रखे पेंट के 412 डिब्बों के बीच गांजे की 28 बोरियां छिपा रखी थीं। पुलिस ने कंटेनर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब दो बजे गोसलपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर पर पुलिस की नजर पड़ी। टीम ने कंटेनर का पीछा किया और मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया। कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
पेंट के डिब्बों के बीच छिपा रखी थी गांजे की खेप
कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें पेंट के 412 डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं। बोरियों में खाकी रंग के टेप से पैक गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। तौल करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है। तस्करों ने पेंट के डिब्बों की आड़ में गांजे की बड़ी खेप ले जाने की योजना बनाई थी।
एक खेप पहुंचाने के मिलते एक लाख रुपए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने कथित तौर पर बताया कि वह ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर गांजे की खेप मध्यप्रदेश लेकर आया था। इसके बदले उसे एक खेप पहुंचाने के लिए एक लाख रुपए मिलने थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि 27 अक्टूबर को उसने प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की थीं। इस खेप को मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास उतारना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, पेंट के 412 डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस तस्करी में शामिल अन्य संदिग्धों का पता लगाने में जुटी है।
Tags
jabalpur
