दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। उनाव पुलिस ने अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार दो आरोपियों का शुक्रवार शाम बाजार में जुलूस निकाला। इनमें एक आरोपी पर दारू पार्टी के लिए 10 हजार रुपए मांगने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। वहीं दूसरे आरोपी को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
दारू पार्टी के लिए मांगे 10 हजार रुपए
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे इकारा निवासी पंकज गुर्जर घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गांव के यतेंद्र गुर्जर, शेलु गुर्जर और राहुल गुर्जर वहां पहुंचे और दारू पार्टी के लिए 10 हजार रुपए मांगने लगे। रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।
इसी दौरान अजय प्रताप गुर्जर निवासी पठरा और सचिन कमरिया निवासी जनकपुर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, अजय प्रताप के पास पिस्टल थी और उस पर पिस्टल दिखाकर रुपए मांगने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
फरियादी की शिकायत पर उनाव पुलिस ने मामला दर्ज कर राहुल पुत्र जयहिंद गुर्जर निवासी इकारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।
डस्टर कार में मिला कट्टा और कारतूस
दूसरे मामले में पुलिस ने जनकपुर निवासी संजय पुत्र धर्मसम्पत तिवारी (35) को गिरफ्तार किया। पुलिस को 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि परसरी रोड स्थित क्रेशर के पास एक व्यक्ति डस्टर कार में अवैध हथियार लेकर बैठा है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और दो जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुए। पुलिस ने लाल रंग की डस्टर कार भी जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संजय को एक अन्य दर्ज प्रकरण में भी विधिवत गिरफ्तार किया है।
Tags
madhya pradesh
