दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर एक बुजुर्ग से सोने की अंगूठी ठगने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने चोरी की जांच का हवाला देकर बुजुर्ग को बातों में उलझाया और उनके हाथ से सोने की अंगूठी उतरवाकर फरार हो गए। पुलिस को वारदात के तरीके के आधार पर शहर में पहले सक्रिय रहे मोटू-पतलू गिरोह पर संदेह है।
पुलिस के मुताबिक नर्मदापुरम निवासी रामनारायण मालवीय अपनी पत्नी उर्मिला का इलाज कराने 27 सितंबर को इंदौर आए थे और बेटे के घर ठहरे थे। 30 सितंबर को वे एचडीएफसी बैंक के पास स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने रामनारायण से अग्रवाल नाम के व्यक्ति के बारे में पूछताछ की और बताया कि वहां चोरी हुई है तथा वे उसकी जांच कर रहे हैं। बातचीत के दौरान एक बदमाश बुजुर्ग को उलझाए रहा, जबकि दूसरे ने जांच के नाम पर उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी उतरवा ली। अंगूठी हाथ में आते ही दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद रामनारायण ने हीरानगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दोनों आरोपियों के खिलाफ ठगी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बाइक और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारदात का तरीका शहर में पहले सक्रिय रहे मोटू-पतलू गिरोह और कुछ मामलों में सामने आए ईरानी गिरोह के तौर-तरीकों से मिलता-जुलता है। फिलहाल आरोपियों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
Tags
madhya pradesh
