दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को ड्राई-डे के बावजूद जिले में शराब बिक्री के मामले सामने आए हैं। रांझी के बड़ा पत्थर स्थित शराब दुकान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दुकान बंद होने के बावजूद अंदर से शराब दिए जाने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि कथित गुप्त खिड़की के जरिए ग्राहकों को शराब एमआरपी से अधिक कीमत पर बेची गई।
बड़ा पत्थर की शराब दुकान का वीडियो वायरल
रांझी के बड़ा पत्थर स्थित शराब दुकान में 2 अक्टूबर को कथित तौर पर दिन से देर रात तक शराब बिक्री किए जाने की बात सामने आई है। दुकान नय्यर एंड कोहली ग्रुप की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दुकान के भीतर से शराब दिए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बरगी में शराब के साथ दो युवक पकड़े गए
इधर, ग्रामीण क्षेत्र बरगी में भी कथित अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संजू लाल ने शुक्रवार को शराब बेचने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बरगी पुलिस दोनों युवकों को शराब के साथ थाने ले गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरगी नगर चौकी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
ड्राई-डे के दिन शराब बिक्री को लेकर सामने आए वायरल वीडियो और बरगी में पकड़े गए दोनों युवकों के मामले में जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। रांझी के वीडियो में शराब बिक्री और ओवररेट के लगाए जा रहे आरोपों की भी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटनाओं के सामने आने के बाद ड्राई-डे पर शराब दुकानों की निगरानी और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Tags
jabalpur

