MP News: इंस्टाग्राम फ्रेंड ने मिलने बुलाकर चलती कार में युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के बीच उज्जैन में एक 20 वर्षीय युवती ने चलती कार में सामूहिक यौन हिंसा का गंभीर आरोप लगाया है। इंदौर निवासी युवती के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर दोस्त बने उज्जैन के युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। युवती का आरोप है कि मुलाकात के दौरान उसे कार में बैठाकर रास्ते में अन्य लोग भी सवार हो गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट और यौन हिंसा की गई। मामले में पुलिस ने चक्रेश जैन और एक अन्य आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती के अनुसार, वह सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उज्जैन में मेघदूत होटल के सामने चक्रेश की कार में बैठी थी। उसका आरोप है कि कुछ देर घूमने के बाद कार में अन्य लोग भी सवार हुए और उसके साथ अभद्रता व मारपीट की गई। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसे कोई पेय पदार्थ पिलाया गया था, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे। बाद में उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के पास छोड़ दिया गया।

घटना के बाद युवती रात करीब 12 बजे उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, युवती के आरोपों में बताए गए अन्य लोगों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मेडिकल जांच कराई, आरोपों की पड़ताल जारी

सीएसपी श्वेता गुप्ता के मुताबिक, युवती की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवती की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें उसके प्राइवेट पार्ट में चोट नहीं पाई गई। पुलिस के अनुसार, युवती और मुख्य आरोपी की इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी और दोनों पहले भी मिल चुके थे।

युवती ने घटना के संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने अपने साथ हुई कथित घटना का विवरण दिया है। पुलिस शिकायत, युवती के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना में इस्तेमाल कार और आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

युवती ने घटना उज्जैन से इंदौर के बीच होने का आरोप लगाया है। करीब 55 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। घटना के सटीक स्थान और कार के पूरे रूट की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है। ऐसे में मार्ग पर निगरानी, सीसीटीवी कवरेज और पुलिस चेकिंग व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सिंहस्थ की तैयारियों के बीच उज्जैन आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी चर्चा में है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post