Jabalpur Breaking News: मंदिर में भंडारे के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों और चाकू से हमला; आठ लोग घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में विवाद के बाद मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर गंदी बस्ती से सामने आया है, जहां रविवार की रात मंदिर में चल रहे भंडारे और धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से लैस होकर पहुंचे युवकों ने लोगों पर हमला कर दिया। घटना में महिलाओं सहित आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद नगर गंदी बस्ती स्थित एक मंदिर में भंडारे और पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। तभी कुछ युवक तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां से निकले। धार्मिक कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें वाहन धीरे चलाने की हिदायत दी। इसी बात से नाराज होकर एक युवक वहां से चला गया और कुछ ही देर बाद अपने साथियों को लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से लैस कर वापस पहुंच गया।

आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। लोगों ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान धारदार हथियार से किए गए वार में दो लोगों के पैरों में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुए हमले से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना में रवि गोठिया, रागिनी गोठिया, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोठिया, बिट्टू झरिया और मनीषी गोठिया घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, आरोपी और घायल सभी एक ही क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post