Jabalpur News: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, 12 वर्षीय रियान गंभीर रूप से झुलसा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। घर की छत पर बैनर निकालने के दौरान लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांडवा बस्ती टेंडर-2 निवासी 55 वर्षीय सीता राजपूत और उनके 23 वर्षीय बेटे किशन राजपूत रविवार शाम अपने घर की छत पर बैनर निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान बैनर लगी लोहे की रॉड अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। रॉड में करंट प्रवाहित होने से मां-बेटे उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में उनका 12 वर्षीय भतीजा रियान राजपूत उर्फ बाबू भी गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार में मां और बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे में बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे रामपुर मांडवा बस्ती क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post