दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच और केंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सदर क्षेत्र के बगीचा नंबर 68, चिकनी रोड पर दबिश देकर एक आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 1,900 पाव और अंग्रेजी शराब के 48 पाव, कुल 1,948 पाव जब्त किए हैं। जब्त शराब की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
केंट थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र पटले के मुताबिक क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बगीचा नंबर 68, चिकनी रोड सदर में एक व्यक्ति ने अवैध रूप से शराब का भंडारण कर रखा है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और केंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम बगीचा नंबर 68 स्थित गन्ने के खेत के पास पहुंची तो मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित पासी उर्फ मटका, उम्र 36 वर्ष, निवासी बगीचा नंबर 68 सदर बताया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खेत में बने मकान से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत की बाड़ी में शराब की पेटियां और खुली शराब रखी मिली। तलाशी के दौरान नीले रंग के बैग में देशी शराब के 100 पाव, 36 पेटियों में देशी शराब के कुल 1,800 पाव, एक खुली पेटी में बैगपाइपर अंग्रेजी शराब के 22 पाव और दूसरी खुली पेटी में मैकडॉवेल्स रम के 26 पाव बरामद हुए।
पुलिस ने कुल 1,948 पाव शराब जब्त कर आरोपी रोहित पासी उर्फ मटका के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
Tags
jabalpur
