MP News: 12 IPS अधिकारियों के तबादले, 5 जिलों के SP बदले; कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय भेजा गया

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। बुधवार देर रात गृह विभाग ने 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इस प्रशासनिक बदलाव में पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। बैतूल के एसपी वीरेंद्र जैन को भोपाल में पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) बनाया गया है, जबकि उज्जैन की 32वीं वाहिनी के कमांडेंट दीपक कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम का नया एसपी नियुक्त किया गया है।

तबादला सूची के अनुसार, नर्मदापुरम के एसपी साईकृष्ण एस. थोटा को पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पदस्थ किया गया है। वहीं, इंदौर में साइबर एसपी रहे सब्यसाची सराफ को पन्ना जिले की कमान सौंपी गई है। हरदा के एसपी शशांक को भी पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

किसान आंदोलन के बाद अधिकारियों पर कार्रवाई

प्रदेश में हाल के दिनों में किसान आंदोलनों को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई का सिलसिला देखने को मिला है। नर्मदापुरम में किसान आंदोलन को नियंत्रित करने में प्रशासन की नाकामी के बाद कलेक्टर सोमेश मिश्रा को हटाया गया था। अब जिले के एसपी साईकृष्ण एस. थोटा का भी तबादला कर दिया गया है।

इसी तरह, केन-बेतवा परियोजना के विरोध में किसानों को समझाने में नाकाम रहने के बाद पन्ना की कलेक्टर उषा परमार को पहले ही हटाया जा चुका है। अब जिले की एसपी निवेदिता नायडू को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। हरदा के एसपी शशांक को भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। बताया गया है कि दो महीने पहले हरदा और नर्मदापुरम के किसानों के प्रदर्शन करते हुए भोपाल पहुंचने से राजधानी में जनजीवन प्रभावित हुआ था।

जहरीली शराब के मामलों के बाद भी बदले गए अधिकारी

जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच राज्य सरकार ने तीन दिन पहले देवास और सागर जिलों में भी प्रशासनिक फेरबदल किया था। दोनों जिलों के एसपी को पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है। देवास के एसपी पुनीत गहलोत और सागर के एसपी अनुराग सुजानिया को सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

इसके साथ ही देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया था। सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना को देवास भेजा गया, जबकि अंजू अरुण कुमार को सिवनी का नया कलेक्टर बनाया गया है।

पीटीसी इंदौर में अभिषेक आनंद को अतिरिक्त प्रभार

तबादला आदेश में अभिषेक आनंद को 15वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल (SAF), इंदौर का सेनानी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (PTC) इंदौर के एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

हालांकि, पीटीसी इंदौर में पहले से पदस्थ एसपी वाहिनी सिंह का तबादला नहीं किया गया है। उन्हें मई 2026 में डिंडौरी के एसपी पद से हटाकर पीटीसी इंदौर की जिम्मेदारी दी गई थी। अब इसी पद पर अभिषेक आनंद को भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post