MP News: मंडला-जबलपुर हाईवे पर कार और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 13 घायल; इलाज के दौरान महिला की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर पुल के पास कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चमरवाह निवासी सिमीया बाई सैयाम (50) की मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, टिकरिया थाना क्षेत्र के चमरवाह सहित आसपास के गांवों के लोग पिकअप वाहन (क्रमांक MP51 ZE 8063) में सवार होकर सब्जी खरीदने मंडला आ रहे थे। इसी दौरान फूलसागर पुल के पास जबलपुर की ओर जा रही एक कार से पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायलों को मंडला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान सिमीया बाई सैयाम की मौत हो गई, जबकि एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर की वजह क्या रही, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post