दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दुकान के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने एक पटवारी को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोज बघेल, पटवारी, तहसील कार्यालय आधारताल, जबलपुर के रूप में हुई है।
EOW के अनुसार कटंगी निवासी शरद विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी मां राधा विश्वकर्मा ने ग्रीन सिटी, माढ़ोताल स्थित एक दुकान खरीदी थी। दुकान के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए पटवारी मनोज बघेल कथित तौर पर 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद EOW की टीम ने मामले का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने पर टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
EOW की टीम ने 1 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को कृषि उपज मंडी, जबलपुर में 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम बरामद की।
EOW ने आरोपी मनोज बघेल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
