दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नुनसर चौकी क्षेत्र के कटोरा गांव के पास 4 सितंबर को सड़क हादसे में हुई महिला की मौत का मामला हत्या निकला है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के पति प्रयास पांडे ने ही हत्या की साजिश रची थी और तीन आरोपियों को ₹5 लाख में सुपारी दी थी। आरोपियों को ₹1 लाख एडवांस दिए गए थे। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रयास पांडे और उसका साथी मानसिंह फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे कटोरा गांव के पास महिला को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान कविता चौधरी के रूप में की। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि कविता के पति प्रयास पांडे ने पाटन के चौधरी मोहल्ले में रहने वाले विक्रम अहिरवार, करिया उर्फ धनीराम और रामजी चौधरी से संपर्क कर उन्हें हत्या की सुपारी दी थी। साजिश के तहत वारदात को सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन कविता एक्टिवा से जबलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने पिकअप वाहन से उसकी एक्टिवा को टक्कर मारी और इसके बाद वाहन उसके सिर के ऊपर से चढ़ा दिया। इससे कविता की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रयास पांडे की नजर कविता के नाम की बीमा राशि पर थी। आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस फरार पति प्रयास पांडे और मानसिंह की तलाश में जुटी है।
Tags
jabalpur

.jpeg)
