दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित घाना शराब दुकान में बिना रुपये शराब देने से मना करने पर सेल्समैन पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में सेल्समैन की कमर में गंभीर चोट आई है। पुलिस के अनुसार, रोशननगर (थाना एनकेजे, जिला कटनी) निवासी 23 वर्षीय सूरज जायसवाल वर्तमान में घाना खमरिया में रहते हैं और घाना स्थित देशी-अंग्रेजी शराब दुकान में सेल्समैन का काम करते हैं। गुरुवार को सूरज दुकान पर मौजूद थे, तभी निकेश बंजारा और सतीश कुशवाहा वहां पहुंचे। आरोप है कि सतीश कुशवाहा ने बिना पैसे दिए शराब मांगी।
सेल्समैन सूरज जायसवाल द्वारा बिना पैसे के शराब देने से साफ इनकार करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोप है कि निकेश बंजारा ने जान से मारने की नीयत से सूरज के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। सूरज ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को तुरंत घुमा लिया, जिससे चाकू सीने पर लगने की बजाय उनकी कमर में जा लगा और वह घायल हो गए।
घटना के दौरान जब सूरज के साथी उन्हें बचाने के लिए दौड़े, तो दोनों आरोपी गालियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल सेल्समैन की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 119(1), 296(ए), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
jabalpur
