Jabalpur News: आज निकलेगी बड़ी खेरमाई की भव्य जवारा शोभायात्रा, सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर की मां बड़ी खेरमाई मंदिर से आज जवारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। शस्त्र पूजन के बाद निकलने वाली यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हनुमानताल सरोवर पहुंचेगी, जहां जवारा विसर्जन किया जाएगा।

जवारा शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महिलाएं सिर पर जवारे और कलश लेकर चलेंगी, वहीं बच्चे और बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में भक्त देवी मां की आराधना करते हुए जुलूस में शामिल होंगे। बैंड-बाजों के साथ श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आएंगे।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम

विशाल जवारा शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। जुलूस के मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था भी बनाई गई है। भीड़ और जुलूस की स्थिति के अनुसार कुछ मार्गों पर यातायात को परिवर्तित किया जाएगा।

संगमरमरी वादियों में कल से सजेगी सुरों की महफिल


शरद पूर्णिमा के अवसर पर भेड़ाघाट की संगमरमरी वादियों में कल से दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। चांदनी रात में होने वाले इस आयोजन में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से सुरों का जादू बिखेरेंगे।

महोत्सव में प्रसिद्ध सूफी पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा, जसपिंदर नरूला, गायिका अरुणिता कांजीलाल सहित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोक भजन गायक सुनील लोधी प्रस्तुति देंगे। शरद पूर्णिमा की चांदनी रात को देखते हुए पर्यटकों के लिए नौकाविहार की भी व्यवस्था की गई है।

दर्शकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

नर्मदा महोत्सव का आयोजन मध्य प्रदेश शासन, जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, मध्य प्रदेश पर्यटन मंडल, संस्कृति संचालनालय और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर दर्शकों के लिए खानपान की विशेष व्यवस्था रहेगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए पुराने मोटर स्टैंड, तीन पत्ती से विशेष बसों का संचालन भी किया जाएगा। महोत्सव को लेकर भेड़ाघाट में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post