दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खितौला के वार्ड क्रमांक 13 में गुरुवार देर रात चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और उसके दो बच्चों को बंधक बनाकर जेवर लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने पास के एक सूने मकान को भी निशाना बनाया और वहां से नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ लूट और चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विनय विश्वकर्मा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। घर में उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा, सात वर्षीय बेटी अवनी और तीन वर्षीय बेटा मौजूद थे। विनय घर में बाहर से ताला लगाकर गए थे। रात करीब एक बजे बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
घर में खटपट की आवाज सुनकर आरती की नींद खुल गई। आरोप है कि एक बदमाश ने उनके चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डाली और अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर उसके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। बच्चों को भी आरोपियों ने बंधक बनाए रखा।
बदमाशों ने रॉड से अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर निकाल लिए। चोरी हुए सामान में सोने की तीन अंगूठियां, कान के झाले, मांग की बिंदी, दो लॉन्ग, दो मंगलसूत्र, दो लॉकेट, चांदी की चूड़ियां, पायल सहित अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, पहले घर से चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपए बताई गई है।
पहले घर को निशाना बनाने के बाद आरोपी पास के प्रभांशु पांडे के सूने मकान में पहुंचे। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और सोने की चेन, पायल तथा 17 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
