दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खजरी-खिरिया बाइपास पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने टमाटर से भरे पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गया और उसमें लदे कई क्विंटल टमाटर हाईवे पर बिखर गए।
हादसे के बाद सड़क पर टमाटर फैलने से यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोग सड़क पर पड़े टमाटर समेटकर अपने साथ ले जाने लगे।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक MP 28 ZC 6790 टमाटर लेकर छिंदवाड़ा से कटनी जा रहा था। खजरी-खिरिया बाइपास के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप बीच सड़क पर पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।हादसे के बाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में टमाटर बिखर गए। कुछ ही देर में वहां से गुजर रहे लोगों ने सड़क पर पड़े टमाटर समेटने शुरू कर दिए। इससे कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और यातायात प्रभावित रहा।
माढ़ोताल थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।

