Jabalpur News: हाथीताल में सनसनी! दुकान बंद कर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने रोका, जांघ में घोंपा चाकू, 3 पर FIR

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोरखपुर क्षेत्र के हाथीताल में अड़ीबाजी और शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक फल व्यापारी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रतन कॉलोनी गोरखपुर निवासी 29 वर्षीय रितिक केसरवानी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे वह सदर स्थित अपनी फल की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। रास्ते में वह अपने साथी राजीव गुप्ता और राजेश गुप्ता को हाथीताल छोड़ने के बाद जैसे ही आगे बढ़ा, तभी हाथीताल में श्याम गुप्ता, सुमित गुप्ता और अतीश गुप्ता ने उसे रोक लिया।

रितिक ने पुलिस को बताया कि आरोपी श्याम गुप्ता पहले उसकी फल की दुकान में काम करता था। तीनों आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए 1,000 रुपए की मांग की। जब रितिक ने रुपए देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ते ही सुमित गुप्ता और अतीश गुप्ता ने रितिक को पीछे से पकड़ लिया, जिसके बाद श्याम गुप्ता ने चाकू निकालकर उसकी दाहिनी जांघ पर हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर गोरखपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post