MP News: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का निधन, 76 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं। सांस संबंधी परेशानी के चलते उन्हें एक सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिजनों के अनुसार, काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

मां के निधन की सूचना मिलते ही शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। उन्हें शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन इस दुखद घटना के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उनके अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।

बचपन में मां को खो दिया था, पिता ने की थी दूसरी शादी

शिवराज सिंह चौहान की पहली मां का नाम सुंदरबाई था। बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद परिवार और बच्चों की देखभाल के लिए उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरी शादी की थी। काशीबाई ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों के पालन-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिवराज सिंह चौहान के भाई-बहनों में नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं, काशीबाई के एक बेटे वरुण सिंह चौहान हैं, जो पेशे से वकील हैं।

काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में रह रही थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्हें भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। करीब एक सप्ताह तक चले उपचार के बाद शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post