दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कंपनी की स्कीम और आकर्षक गिफ्ट का लालच देकर महिलाओं को ठगने वाला गिरोह सक्रिय होने का मामला सामने आया है। गिरोह में शामिल दो महिलाएं एक बच्चे को साथ लेकर घरों के आसपास पहुंचती हैं। पहले कंपनी की स्कीम बताकर महिलाओं से संपर्क करती हैं, फिर छोटे-छोटे गिफ्ट देकर उनका भरोसा जीतती हैं। इसके बाद बड़े इनाम का लालच देकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो जाती हैं। रिछाई निवासी खुशबू पटेल के साथ भी इसी तरह ठगी होने की शिकायत सामने आई है। पीड़िता ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए करीब चार लाख रुपये के जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो दिन तक गिफ्ट देकर जीता भरोसा
पीड़िता खुशबू पटेल ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह अपने घर के बाहर घूम रही थीं। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास पहुंचीं और खुद को एक कंपनी में काम करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी की स्कीम के तहत सोने-चांदी के जेवरात के साथ फोटो खिंचवाने पर आकर्षक इनाम दिया जाता है।
महिलाओं की बातों में आकर खुशबू ने चांदी की झुमकी के साथ फोटो खिंचवाई। इसके बदले एक महिला ने उन्हें स्टील का डिब्बा गिफ्ट में दिया और वहां से चली गई। अगले दिन सोमवार को महिला फिर उनके घर पहुंची। इस बार खुशबू ने उसे चांदी की पायल दिखाई, जिसके बदले एक और गिफ्ट दिया गया। लगातार दो दिन तक घर आकर गिफ्ट देने से खुशबू को महिलाओं पर भरोसा हो गया।
चार लाख रुपये के इनाम का दिया लालच
शिकायत के अनुसार, मंगलवार शाम दोनों महिलाएं एक बच्चे को साथ लेकर फिर खुशबू के घर पहुंचीं। इस बार उन्होंने कहा कि जितने अधिक जेवरात के साथ फोटो खिंचवाई जाएगी, उतना ही बड़ा इनाम मिलेगा। उनकी बातों में आकर खुशबू ने अलमारी में रखे जेवरात निकालकर उनके सामने रख दिए।
आरोप है कि दोनों महिलाएं रानी हार, सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, पुरुषों की अंगूठी, हार, पैबंद, चांदी का हाफ करधन और दो जोड़ी पायल लेकर चली गईं। महिलाओं ने दावा किया कि जेवरात के साथ फोटो खिंचवाने पर चार लाख रुपये मिलेंगे। इसमें से 50 हजार रुपये कमीशन के रूप में उन्हें मिलेंगे, जबकि साढ़े तीन लाख रुपये खुशबू को दिए जाएंगे।
जेवरात लेने के बाद दोनों महिलाएं कुछ देर में वापस लौटने की बात कहकर वहां से निकल गईं, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं आईं। करीब तीन घंटे बाद खुशबू ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना बताई। इसके बाद वह रांझी थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
पड़ोस की अन्य महिलाओं के साथ भी ठगी की आशंका
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि पड़ोस में रहने वाली तीन-चार अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह ठगी होने की बात सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी महिलाएं योजनाबद्ध तरीके से इलाके में घूमकर लोगों को निशाना बना रही हैं। हालांकि, अन्य महिलाओं के साथ हुई घटनाओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड तक तलाश
रांझी सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक, शुरुआती जांच में करीब दो से तीन लाख रुपये के जेवरात गायब होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पीड़िता ने मोबाइल से बनाया गया करीब दो सेकंड का वीडियो भी पुलिस को दिया है, जिसमें एक महिला का चेहरा दिखाई दे रहा है।
टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड सहित शहर के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है। आसपास के थानों और शहर की सीमाओं पर भी सूचना भेजी गई है, ताकि आरोपियों के संबंध में जानकारी मिल सके।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
सीएसपी सतीश साहू ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों द्वारा दिए जाने वाले गिफ्ट, इनाम और आकर्षक स्कीम के लालच में न आएं। यदि कोई व्यक्ति कंपनी की योजना या इनाम के नाम पर घर पहुंचता है, तो उसे अपने कीमती सामान और जेवरात न दिखाएं और न ही किसी के हाथों में सौंपें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Tags
jabalpur
