Jabalpur News: चार दिन बाद नहर में मिला 11 वर्षीय आशीष का शव, नहाने गया था मासूम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
खमरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया टोला स्थित बोगदा केनाल में नहाने गए 11 वर्षीय आशीष ठाकुर का शव चार दिन बाद आज बुधवार सुबह पनागर थाना क्षेत्र के तिनछिनी खरोंद गांव के पास बरगी की बड़ी नहर में मिला। नहर में बालक का शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। कई दिनों से बेटे की तलाश कर रहे परिजनों का इंतजार खत्म हुआ, लेकिन घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, आशीष ठाकुर पिता किशोर ठाकुर रविवार को पिपरिया टोला स्थित बोगदा केनाल में नहाने गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजन और ग्रामीण परेशान हो उठे। इसके बाद पुलिस और बचाव दल ने बालक की तलाश शुरू की। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

तलाश में देरी से नाराज परिजनों ने किया था थाने का घेराव

तीन दिन तक आशीष का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। मंगलवार को उन्होंने खमरिया थाने का घेराव कर हंगामा किया और चक्काजाम करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी। आशीष की मां पूजा ठाकुर ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की और एसडीआरएफ की टीम बुलाने में भी देरी की गई।

परिजनों और ग्रामीणों ने मांग की थी कि बालक की तलाश में तेजी लाई जाए और पुलिस की ओर से लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सीएसपी ने दिया था कार्रवाई का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी रांझी-खमरिया सतीश साहू मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया था। साथ ही आश्वासन दिया था कि बालक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के साथ डीप डाइवर टीम भी लगाई गई है। उन्होंने यह भी कहा था कि जांच में पुलिस स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार सुबह नहर में मिला शव

बुधवार सुबह करीब 9 बजे डायल 112 के माध्यम से पनागर पुलिस को तिनछिनी खरोंद गांव के पास नहर में एक बालक का शव तैरता दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आशीष ठाकुर के रूप में की।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेज दिया है। पनागर और खमरिया थाना पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post