MP News: खरीदारी कर गांव लौट रहे 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत, डंपर ने बाइक को मारी टक्कर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
भोपाल घूमने और खरीदारी करने के बाद गांव लौट रहे 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। गुनगा थाना क्षेत्र के गोलकखेड़ी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक को गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे उसका रिश्तेदार भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल रिश्तेदार का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विपिन अहिरवार (18), पिता कालूराम अहिरवार निवासी ग्राम पीपलखेड़ा, गुनगा के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। शनिवार शाम को वह अपने रिश्ते के भाई शेर के साथ बाइक से भोपाल घूमने आया था। दोनों ने शहर में खरीदारी की और रात भोपाल में ही रुक गए।

रविवार सुबह दोनों बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गोलकखेड़ी के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विपिन को गंभीर चोटें आईं और उसका रिश्तेदार भी घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद विपिन को मृत घोषित कर दिया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। डंपर और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post