दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के एकता चौक पर दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। यहां पल्सर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने कार से जा रहे एक युवक को निशाना बनाते हुए उसके गले में पहनी सोने की दो चेन झपट लीं और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। पुलिस के अनुसार, विजयनगर स्थित जेडीए स्कीम नंबर-5 निवासी सत्येन्द्र मिश्रा (37) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी एक्सिस कार क्रमांक MP 20 ZB 4186 में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह एकता चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के सामने पहुंचे, तभी पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। दोनों बदमाशों ने मौका पाकर उनके गले में पहनी सोने की एक फैंसी चेन और दूसरी सोने की चेन को बलपूर्वक खींच लिया और तेजी से भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक, दोनों युवक लाल रंग के कपड़े पहने हुए थे। उन्होंने कुछ दूरी तक मोटरसाइकिल सवारों का पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4) बीएनएस के तहत लूट का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
