MP News: इंदौर में युवक ने पुलिसकर्मी को दी धमकी- बैच-बिल्ला उतरवाने में 5 मिनट लगेंगे, सारी गर्मी निकाल दूंगा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक युवक द्वारा पुलिसकर्मी को वर्दी का बैच-बिल्ला उतरवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान सूरज शर्मा के रूप में हुई है, जिसे द्वारकापुरी क्षेत्र के भाजपा पार्षद राकेश जैन का समर्थक बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद रामप्रसाद नामक व्यक्ति से शुरू हुआ, जो साइकिल से गली-मोहल्लों में घूमकर सीटी बजाते हुए चौकीदारी का काम करता है। रामप्रसाद ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सूरज शर्मा ने उससे पूछा कि वह किसके यहां चौकीदारी करता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचे कॉन्स्टेबल श्रवण के सामने भी सूरज शर्मा बहस करता रहा। वायरल वीडियो में वह पुलिसकर्मी से ऊंची आवाज में बात करते हुए बार-बार अपनी बात सुनने के लिए कहता नजर आ रहा है। इस पर कॉन्स्टेबल ने उसे सम्मानपूर्वक बात करने की समझाइश देते हुए कहा कि आराम से बात करें और थाने चलकर अपनी बात रखें।

इसी दौरान सूरज शर्मा ने पुलिसकर्मी को धमकाते हुए कहा, 'मेरी बात सुनना, यह बैच और बिल्ला उतरवाने में पांच मिनट लगेंगे, सारी गर्मी उतर जाएगी।' वीडियो में युवक अपने पास कैमरे लगे होने की बात भी कहता सुनाई दे रहा है। वहीं, शिकायतकर्ता रामप्रसाद अपनी बात रखने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवक उसे बीच में ही रोकता नजर आया।

सूरज शर्मा से जुड़ा एक पुराना विवाद भी सामने आया है। करीब एक साल पहले उस पर पड़ोसी को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा था। उस मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। हालांकि, बाद की जांच में कथित पिस्टल लाइटर निकली थी।

द्वारकापुरी थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post