दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना तिलवारा अंतर्गत शास्त्री नगर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 34 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।सीएसपी आशीष जैन के अनुसार, मृतक की पहचान प्रयाग नायर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले युवक का अपने परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद युवक द्वारा खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में खुद को गोली मारी और घटना के पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Tags
jabalpur


