दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर के सेटी नगर (एसएफसीआई के पास) निवासी आदित्य उर्फ अड्डू बेन (24) का इलाके के ही केशू बेन से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान केशू बेन ने आदित्य पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल आदित्य को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड, आरोपी हिरासत में
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मृतक आदित्य और आरोपी केशू बेन दोनों क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाश रहे हैं तथा उनके खिलाफ थाने में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केशू बेन को अभिरक्षा में ले लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
शहर में बढ़ती चाकूबाजी ने बढ़ाई चिंता
शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और हत्या की घटनाओं ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बीच विवादों का हिंसक रूप लेना और चाकू जैसे हथियारों का इस्तेमाल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी और अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


