दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के बधैया मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार शाम दो परिवारों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला किया गया। घटना में एक बच्ची समेत करीब 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पत्नी और बच्ची से मारपीट का विरोध करने पर चाकू से हमला
घायल मुकेश चौधरी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले आदि, बमबम और रमेश चौधरी से उनका पुराना विवाद चल रहा है। सोमवार शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी घर के बाहर काम कर रही थीं, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी पक्ष की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और पत्नी व बच्ची के साथ मारपीट करने लगीं। इस दौरान दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल जाते समय फिर घेरा, मुकेश और भाई पर चाकू से वार
मुकेश चौधरी के अनुसार, रात में वह अपनी पत्नी के लिए कपड़े और खाना लेकर अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। विवाद बढ़ने पर बच्ची पर कड़े से हमला किया गया, जबकि मुकेश और उसके भाई लक्ष्मण पर चाकू से वार किए गए। हमले में दोनों घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने उनके परिवार के साथ घर में घुसकर भी मारपीट की और घटना के बाद धमकियां दे रहे हैं।
CCTV फुटेज में हथियार लेकर हमला करते दिखे लोग
मारपीट की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सामने आए फुटेज में कुछ लोग हाथों में हथियार लिए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमका रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े CCTV फुटेज की जांच कर रही है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है।
