दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में 13 वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने पिता से इलेक्ट्रिक बाइक दिलाने की जिद कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने से वह नाराज था। शुक्रवार रात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में जनता कॉलेज गेट के पास स्थित घर की पहली मंजिल के कमरे में उसका शव मिला।
मृतक की पहचान रामभूषण मिश्रा के बेटे छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, छोटू पिछले कई महीनों से इलेक्ट्रिक बाइक दिलाने की मांग कर रहा था। उसके कई दोस्तों के पास इलेक्ट्रिक स्कूटी थी। वह सोशल मीडिया पर भी इलेक्ट्रिक बाइक और स्कूटी से जुड़े वीडियो देखा करता था।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम परिवार के सभी सदस्य घर के निचले हिस्से में थे। इसी दौरान छोटू पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। शुरुआत में घरवालों को लगा कि वह आराम करने गया है, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। कमरे में जाकर देखने पर घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने शुक्रवार रात ही शव बरामद कर लिया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इलेक्ट्रिक बाइक की मांग और घटना के बीच संबंध सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
13 वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार सदमे में है। घटना ने बच्चों की भावनाओं को समझने, उनकी बातों को गंभीरता से सुनने और परिवार में खुलकर संवाद बनाए रखने की जरूरत को भी सामने रखा है।
Tags
madhya pradesh
