खरीदारों के लिए सुनहरा मौका! लगातार छठे दिन लुढ़के सोना-चांदी के दाम, 11 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा गोल्ड; चांदी भी 4,665 रुपए सस्ती

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार छठे दिन गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार, 18 नवंबर को सोने का भाव 11 महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,696 रुपए सस्ता होकर 1.32 लाख रुपए से नीचे आ गया। वहीं, चांदी की कीमत में भी 4,665 रुपए प्रति किलो की गिरावट आई और इसका भाव घटकर करीब 1.65 लाख रुपए रह गया।

सोने की कीमत दिसंबर 2025 के बाद पहली बार इस स्तर पर पहुंची है। इससे पहले 19 दिसंबर 2025 को सोना 1,31,779 रुपए पर था। इसके बाद कीमतों में तेजी आई थी। मौजूदा गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ऊंचे भाव पर बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली को प्रमुख वजह माना जा रहा है।

इस साल सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 29 जनवरी को सोना 10 ग्राम के लिए करीब 1.76 लाख रुपए के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से इसमें करीब 44 हजार रुपए यानी लगभग 32 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह चांदी भी 29 जनवरी को करीब 3.80 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब लगभग 2.15 लाख रुपए नीचे आ चुकी है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग प्रभावित होती है। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों की ओर रुख करते हैं। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली भी कीमतों पर दबाव बनाती है।

चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे औद्योगिक मांग में कमी, वैश्विक बाजार में सप्लाई बढ़ने और सोने की कीमतों में कमजोरी को भी वजह माना जा रहा है। चांदी का इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों में होता है। ऐसे में औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती का असर इसकी कीमतों पर पड़ सकता है।

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने-चांदी में निवेश करने वालों को एकमुश्त खरीदारी करने के बजाय किश्तों में निवेश करना चाहिए। उनके अनुसार, कुछ खरीदारी अभी और बाकी रकम 15 से 20 दिन के अंतराल पर लगाई जा सकती है। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय छह महीने से एक साल तक का नजरिया रखना बेहतर हो सकता है।

वहीं, सोना खरीदते समय ग्राहकों को BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही लेना चाहिए। खरीदारी से पहले 24, 22 और 18 कैरेट के भाव की जानकारी जरूर लें और वजन व कीमत का मिलान IBJA जैसे विश्वसनीय स्रोतों से करें। चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता और हॉलमार्किंग की जांच करना जरूरी है।

लगातार गिरते भाव से उन लोगों को राहत मिल सकती है जो सोने-चांदी की खरीदारी की योजना बना रहे हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post