Jabalpur News: आरटीओ ऑफिस के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, शुभम की इलाज के दौरान मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से घायल हुए 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, कोल बस्ती आईटीआई निवासी शिवम कोल (19) ने 3 नवंबर को माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कार्तिक कोल ने फोन कर सूचना दी थी कि उसके चाचा का बेटा शुभम कोल आरटीओ कार्यालय के पास उदय ज्वेलर्स की दुकान के सामने सड़क हादसे में घायल हो गया है। सूचना मिलते ही शिवम अपने साथी गौरव के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पता चला कि बस क्रमांक MP 70 ZD 8090 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाते हुए शुभम की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी।

टक्कर लगने से शुभम के पेट, कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शिकायत पर बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। वहीं, मंगलवार सुबह उपचार के दौरान शुभम कोल की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post