दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घर में घुसकर युवक को बेहोश करने और सोने की चेन व आईफोन चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बर्न कंपनी बिल्डिंग क्वार्टर, सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय अंशुल सिंह इवेंट और शो से संबंधित काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उसकी मां शीला बाई राजपूत ड्यूटी करने दुबे अस्पताल गई थीं। घर पर अकेला होने के कारण वह रात करीब 11:30 बजे सो गया।
अंशुल का आरोप है कि 1 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे खुशबू चौधरी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ उसके घर पहुंची। साथ आए लड़कों ने कपड़े से चेहरे ढक रखे थे। आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर बेडरूम में प्रवेश किया। अंशुल के मुताबिक, सोते समय खुशबू चौधरी ने कपड़े से उसका मुंह दबाया। कपड़े में मौजूद किसी पदार्थ के कारण वह बेहोश हो गया।
सुबह करीब 7:30 बजे मां के ड्यूटी से घर लौटने पर अंशुल को होश आया। उसने मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद पता चला कि उसके गले में पहनी करीब 8 ग्राम वजनी सोने की चेन और बिस्तर पर रखा आईफोन मोबाइल गायब है। पीड़ित ने खुशबू चौधरी और उसके साथियों पर सोने की चेन व मोबाइल ले जाने का आरोप लगाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने 2 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
