Jabalpur News: 2.56 लाख के गांजे के साथ क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस ने दबोचे 2 तस्कर, अमरकंटक से लौट रहे कार चालक से ली थी लिफ्ट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को गांजे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 131 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 2 लाख 56 हजार 500 रुपए बताई गई है। दोनों युवक डिंडौरी में बस छूटने का हवाला देकर एक कार में लिफ्ट लेकर जबलपुर आ रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की सुबह रांझी थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रांझी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सियाज कार को रोककर जांच की गई। कार चालक बालकिशन नागवंशी (36), निवासी ग्राम बीजनवाड़ा, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम था। कार की पिछली सीट पर दो युवक बैग लेकर बैठे थे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पूछताछ की।

पूछताछ में युवकों की पहचान मनीष कुमार रजक (25), निवासी कुदवारी काली मंदिर के पास, गोहलपुर और आनंद श्रीवास (24), निवासी खेरमाई मंदिर के पास, अमखेरा, गोहलपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मनीष के बैग से गांजे के दो पैकेट और आनंद के बैग से तीन पैकेट बरामद हुए। इस तरह कुल 5 किलो 131 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

बस छूटने की बात कहकर मांगी थी लिफ्ट

कार चालक बालकिशन नागवंशी ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर को वह पचमढ़ी से चार सवारियों को लेकर भेड़ाघाट, जंगल रिसोर्ट कान्हा-किसली और अमरकंटक गया था। चारों सवारियों को अमरकंटक इन होटल में छोड़ने के बाद वह पिपरिया लौट रहा था। इसी दौरान डिंडौरी में बैग लेकर खड़े दोनों युवकों ने हाथ देकर कार रुकवाई। उन्होंने बताया कि उनकी बस छूट गई है और उन्हें जबलपुर जाना है। इसके बदले दोनों ने चालक को 500 रुपए देने की बात कही थी।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

रांझी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, किसने उपलब्ध कराया और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post