Jabalpur News: हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटीडीएम (IIITDM) कॉलेज परिसर में सोमवार को एक छात्रा की मौत से सनसनी फैल गई। कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाली तृतीय वर्ष की छात्रा वैष्णवी अपने कमरे में मृत मिली। वह मूल रूप से तेलंगाना के वारंगल की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, कॉलेज के सुरक्षा गार्ड इंचार्ज ने थाने को घटना की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कारणों की जांच जारी

पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उसके कमरे की जांच करने के साथ ही छात्रा के सहपाठियों और परिजनों से संपर्क कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post