MP News: कांग्रेस OBC विभाग के अध्यक्ष बने बैजनाथ कुशवाहा, सिद्धार्थ कुशवाह की जगह मिली जिम्मेदारी; राजेंद्र मंडलोई और पवन पटेल प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रदेश कांग्रेस के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) विभाग के नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। सबलगढ़ के पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाहा को मध्यप्रदेश कांग्रेस OBC विभाग का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाह का स्थान लिया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की है। इस बदलाव के साथ ही प्रदेश में OBC विभाग की कमान नए नेतृत्व को सौंप दी गई है।

राजेंद्र मंडलोई और पवन पटेल बने प्रदेश उपाध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही कांग्रेस ने OBC विभाग में दो प्रदेश उपाध्यक्षों की भी घोषणा की है। भोपाल के राजेंद्र मंडलोई और सतना के पवन पटेल को मध्यप्रदेश कांग्रेस OBC विभाग का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मध्यप्रदेश की राजनीति में अन्य पिछड़ा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए कांग्रेस का यह संगठनात्मक बदलाव अहम माना जा रहा है। बैजनाथ कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने OBC विभाग में नेतृत्व परिवर्तन किया है। वहीं, दो नए प्रदेश उपाध्यक्षों की नियुक्ति के जरिए संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और प्रदेश में OBC वर्ग के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post