Jabalpur News: रिहायशी इलाकों में बिना लाइसेंस बिक रहे थे पटाखे, 5 दुकानदारों पर FIR

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती के बीच शहर और आसपास के क्षेत्रों में रिहायशी इलाकों में बिना लाइसेंस पटाखों का अवैध कारोबार सामने आया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे पांच दुकानदारों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

लार्डगंज में दो दुकानदार पकड़े गए

थाना लार्डगंज पुलिस ने जानकीरमण प्लाजा के सामने सड़क किनारे बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे मनीष केशरवानी (52 वर्ष), निवासी राठी कॉलोनी निवाड़गंज को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से करीब 12 हजार रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए। इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांडे चौक पर कार्रवाई करते हुए अंकित चौधरी (20 वर्ष), निवासी भोलानगर चंडालभाटा दमोह नाका को अवैध रूप से पटाखे बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत के पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई।

छोटा फुहारा में भीड़ के बीच सजा रखी थी पटाखों की दुकान

थाना गोहलपुर पुलिस ने छोटा फुहारा के पास सड़क किनारे पटाखे बेच रहे आशीष अग्रवाल (28 वर्ष), निवासी हरदौल मंदिर के पास सूजी मोहल्ला गोरखपुर को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, जिस स्थान पर पटाखे बिक्री के लिए रखे गए थे, उसके आसपास रिहायशी मकान और दुकानें थीं तथा बाजार में काफी भीड़ थी। आरोपी के पास पटाखा बिक्री का लाइसेंस नहीं मिला। उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के बम, चकरी, अनार, सुतली बम और अन्य आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई।

गढ़ा में मिश्रा कम्पाउंड से पटाखे जब्त

थाना गढ़ा पुलिस ने बीटी तिराहा स्थित मिश्रा कम्पाउंड में दबिश देकर बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे अजय पटेल (32 वर्ष), निवासी मिश्रा कम्पाउंड बीटी तिराहा को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 25 शॉट, 12 शॉट और 5 शॉट वाले पटाखों के पैकेट, सुतली बम, पाइप बम, बुलेट बम, फुलझड़ी, अनारदाने सहित अन्य आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई।

पडवार में महिला भी कर रही थी अवैध पटाखा बिक्री

थाना बरेला पुलिस ने ग्राम पडवार में कार्रवाई करते हुए सपना जैन (40 वर्ष), निवासी पडवार को अवैध रूप से पटाखे बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 7 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए। इनमें डबल कॉक, सिंगम, फाइटर, रैम्बो, टारजन, थ्री साउंड, टू साउंड, लायन, टॉप बम, अनारदाना, फुलझड़ी, चकरी, रॉकेट, बुलेट बम और अन्य प्रकार की आतिशबाजी सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार, पांचों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 एवं 9(ख)(1)(ख) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post