दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने सोनू ढाबे के सामने सड़क किनारे आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में ढाबा संचालक सहित दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। ट्रक क्रमांक MP 20 HB 1200 शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा था। भेड़ाघाट के पास ट्रक चालक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़े दो वाहनों को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ढाबे के सामने आग ताप रहे लोगों को कुचलते हुए पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास के मुताबिक, दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे में कर्मचारी था। वहीं हादसे में सोनू और ढाबा संचालक घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
