Jabalpur News: डकैती की योजना बना रहे थे बदमाश, तीन दबोचे गए; अंधेरे का फायदा उठाकर 2 भागे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
बरगी हाईवे पर खड़े ट्रक और हाईवा से डीजल चोरी करने के साथ चालकों से लूट और डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को बरगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो, करीब 210 लीटर डीजल, लोहे का सब्बल, स्टील के दो पाइप, पेचकस, पाना और डीजल रखने वाली 10 कुप्पियां जब्त की हैं। वहीं, पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार बरगी थाना अंतर्गत चौकी बरगी नगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनकेड़ी में इरीगेशन विभाग के पुराने खंडहर कमरे के बाहर काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी है। इसमें डीजल से भरी कुप्पियां रखी हैं और खंडहर के अंदर पांच व्यक्ति बैठकर बरगी हाईवे पर खड़े ट्रक और हाईवा से डीजल चोरी करने तथा विरोध करने पर चालकों के साथ लूट और मारपीट करने की योजना बना रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपियों के पास लोहे का सब्बल, स्टील पाइप और अन्य औजार हैं।

सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को खंडहर के बाहर काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक MP 25 BH 1410 खड़ी मिली। वाहन की जांच में डीजल से भरी कुप्पियां बरामद हुईं। वहीं, खंडहर के अंदर बैठे पांचों व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन को पकड़ लिया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजा अली उर्फ राजा पिता शरीफ कुरैशी (27 वर्ष), मोहम्मद साहिल पिता मोहम्मद युसुफ (23 वर्ष) और साहिल मंसूरी पिता रमजान मंसूरी (18 वर्ष), तीनों निवासी रजा चौक हनुमानताल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथियों के नाम रिजवान उर्फ छोटा पठान निवासी रजा चौक हनुमानताल और शेरू खान निवासी गोहलपुर बताए। पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो वाहन रिजवान उर्फ छोटा पठान का है और घटना के समय वही वाहन चला रहा था।

जांच के दौरान स्कॉर्पियो में रखी 10 कुप्पियों में से छह में करीब 210 लीटर डीजल भरा मिला, जबकि चार कुप्पियां खाली थीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 और 6 नवंबर की दरम्यानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर पांच से छह ट्रकों से डीजल चोरी कर छह कुप्पियों में भरा था। खाली कुप्पियों में भी डीजल भरने और आगे ट्रक चालकों को निशाना बनाने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन, करीब 210 लीटर डीजल, लोहे का सब्बल, स्टील के दो पाइप, पेचकस, पाना, छह भरी और चार खाली कुप्पियां सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 310(4) एवं 310(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post