Jabalpur News: गुप्तेश्वर चाकूबाजी मामले में नया मोड़, दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट और पथराव के आरोप; कृष-शालिनी निजी अस्पताल में भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर स्थित इंदिरा नगर में हुई चाकूबाजी की घटना में अब नया मोड़ आ गया है। शुरुआत में एक ही परिवार के चार सदस्यों पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन अब दूसरे पक्ष ने भी सामने आकर मारपीट और ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने के आरोप लगाए हैं। इस पक्ष के घायल कृष राय और उसकी बहन शालिनी राय को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरे पक्ष का आरोप- गुप्ता परिवार ने की मारपीट और पथराव

घायल कृष राय की बड़ी बहन ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान संदीप गुप्ता, काजल गुप्ता, मोहित गुप्ता और बनारसी दास गुप्ता ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और ईंट-पत्थरों से हमला किया। उनके मुताबिक, इस घटना में कृष राय और उसकी बहन शालिनी राय घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कमेंट करने की बात पर शुरू हुआ विवाद


बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत कमेंट करने की बात को लेकर हुई थी। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में ही स्पष्ट होगा कि विवाद में किसकी क्या भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post