दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पत्रकार वार्ता कर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवीनीकरण के बाद स्टेडियम में भ्रष्टाचार की गहनता बढ़ गई है।स्टेडियम के नवीनीकरण का ठेका जिस कंपनी को दिया गया, उसमें ठेका देने के नियम और शर्तों को पूरी तरह से नजर अंदाज किया गया। ठेका प्राप्त करने वाली कंपनी के पास आवश्यक 3 वर्षों का अनुभव भी नहीं था, फिर भी उसे ठेका दे दिया गया।
नियम विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियां
शर्मा ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा स्टेडियम के प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल पर नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्टेडियम के अंदर चलने वाली दुकानें और स्टॉल केवल संबंधित उपकरण और वस्तुओं की बिक्री कर सकती हैं, लेकिन ठेकेदार को हर तरह का सामान बेचने की स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यहाँ गुटका, पान और शराब भी बेची जा सकती है।
महापौर और अधिकारियो पर मिलीभगत का आरोप
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने महापौर पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि ठेका कंपनी द्वारा अभी वर्तमान में 354 रुपए जीएसटी सहित वसूल किया जा रहे हैं, परंतु नियम अनुसार यह राशि प्रति माह ₹100 होना चाहिए। कुछ समय बाद, प्रतिमा माह 1000 रुपए वसूल करने की भी ठेका कंपनी की मंशा है। महापौर और अधिकारियों की मिलीभग से कंपनी द्वारा अवैध वसूली की जा रही है।
एक ही कंपनी को दिए गए 6 ठेके
शर्मा ने आगे बताया कि एक ही कंपनी को 6 ठेके दे दिए गए हैं, जिससे अधिकारियों की मिलीभगत स्पष्ट हो गई है। मामूली बढ़ोतरी के साथ ठेका देने से अधिकारियों की भ्रष्टाचारी नीयत उजागर हो गई है। पत्रकार वार्ता में सांसद प्रत्याशी दिनेश यादव,पूर्व विधायक संजय यादव,सतीश तिवारी,अतुल नरेश बाजपेयी ,कमलेश यादव,अमरीश मिश्रा,सतेन्द्र चौबे, विजय रजक,गुड्डू नबी,रितेश गुप्ता (बंटी), शिशांत सिंह ठाकुर,अनुज श्रीवास्तव,विवेक भोसले,इमरान हुसैन अन्य कांग्रेसी जन उपस्थित रहे।
पत्रकार वार्ता: