दैनिक सांध्य बन्धु। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 73 मैचों के बाद आज (26 मई) का दिन ग्रैंड फिनाले के लिए निर्धारित है। इस महत्त्वपूर्ण मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी। SRH की कप्तानी पैट कमिंस के हाथों में है जबकि KKR की कमान श्रेयस अय्यर संभाल रहे हैं।
फाइनल मुकाबला चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यदि पैट कमिंस अपनी टीम SRH को जीत दिलाते हैं, तो वे एक अनोखा इतिहास रच सकते हैं। अब तक IPL फाइनल को जब भी किसी विदेशी कप्तान ने जीता है, वह हमेशा ऑस्ट्रेलियाई रहा है। इस क्रम में कमिंस के पास शेन वॉर्न, एडम गिलक्रिस्ट और डेविड वॉर्नर के साथ शामिल होने का मौका है।
2008 में आईपीएल के ओपनिंग सीजन को राजस्थान रॉयल्स ने शेन वॉर्न की कप्तानी में जीता था। 2009 में डेक्कन चार्जर्स ने एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में खिताब जीता। 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड वॉर्नर की कप्तानी में आईपीएल का खिताब जीता। हर बार किसी विदेशी कप्तान ने आईपीएल का खिताब जीता है, वह हमेशा ऑस्ट्रेलियाई ही रहा है।
अगर पैट कमिंस की SRH, श्रेयस अय्यर की KKR को फाइनल में हरा देती है, तो यह 8 साल बाद किसी विदेशी कप्तान के नेतृत्व में कोई टीम विजेता बनेगी। काव्या मारन की टीम के कप्तान कमिंस के पास इतिहास रचने का मौका है और वे आईपीएल में ऐसा करने वाले चौथे विदेशी कप्तान बन जाएंगे।
सबसे ज्यादा बार बने आईपीएल चैम्पियन कप्तान:
1. मुंबई इंडियंस: 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) - कप्तान रोहित शर्मा
2. चेन्नई सुपर किंग्स: 5 बार (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) - कप्तान महेंद्र सिंह धोनी
3. कोलकाता नाइट राइडर्स: 2 बार (2012 और 2014) - कप्तान गौतम गंभीर
4. सनराइजर्स हैदराबाद: 1 बार (2016) - कप्तान डेविड वॉर्नर
5. डेक्कन चार्जर्स: 1 बार (2009) - कप्तान एडम गिलक्रिस्ट
6. राजस्थान रॉयल्स: 1 बार (2008) - कप्तान शेन वॉर्न
आज का फाइनल मुकाबला न केवल इस सीजन का विजेता तय करेगा बल्कि पैट कमिंस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि का भी अवसर प्रदान करेगा।