दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। चंडाल भाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के निर्देश पर खाली कराए गए तीन प्लाटों पर फिर से अवैध कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल बबलू ने पुलिस अधीक्षक के सामने सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई।
राजेश अग्रवाल बबलू ने बताया कि 20 जून 2024 को हाई कोर्ट के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार की मौजूदगी में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित तीन प्लाटों से अवैध कब्जा हटवाया गया था, जिससे व्यापारियों को राहत मिली थी। लेकिन, 1 जुलाई 2024 को सफिया खान, जावेद खान, छोटू भाई जान, अरुण खत्री, विनोद प्रसन्न, अनिकेत अभिनव सोनकर, महेंद्र सिंह ठाकुर, आनंद शुक्ला, और प्रीतम अहिरवार ने प्लाटों की बाउंड्रीवॉल और दरवाजे को तोड़कर पुनः कब्जा कर लिया और रातों-रात कमरे का निर्माण कर लिया।
व्यापारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे प्लाट मालिक अब वहां जाने से डरने लगे हैं। राजेश अग्रवाल बबलू, रूपेश साहू, कुंदन विश्वकर्मा, ओंकार सिंह, प्रदीप मोदी, डालचंद विश्वकर्मा समेत कई व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी सुरक्षा और तीनों प्लाट वापस दिलवाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि महेंद्र सिंह ठाकुर जैसे दबंग इन अतिक्रमणकारियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर खुद कई मामलों में जेल जा चुका है और ट्रकों के फर्जीवाड़े में भी शामिल है।
व्यापारियों ने बताया कि इस कब्जे की जानकारी गोहलपुर थाने में भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यूनियन ने कहा कि नगर निगम के प्लाटों को कुछ दबंग अपने नाम से बता रहे हैं और लगातार कब्जा कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक आशीष सिंह ने व्यापारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।