दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। सिरसौद गांव में बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण 17 वर्षीय स्नेहा नामक युवती की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसकी मां नीमा बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दर्दनाक हादसा सोमवार को हुआ जब स्नेहा अपने नानाजी के घर रक्षाबंधन मनाने आई थी।
स्नेहा लघुशंका के लिए बाथरूम में गई थी, जहां बिजली के खंभे से निकले हुए तारों को बंडल बनाकर रखा गया था। इन तारों में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में स्नेहा आ गई। उसे बचाने आई मां नीमा बाई भी करंट की चपेट में आकर दूर जा गिरीं।
परिजन तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर गए, लेकिन स्नेहा की जान नहीं बच सकी। नीमा बाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदारों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई, तो वे प्रदर्शन करेंगे।
छैगांवमाखन थाना प्रभारी विक्रम धार्वे ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
