दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर के गिरवाई इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मां ने बेटी को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पिता के गुस्से के आगे उसकी एक न चली। हत्या के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, युवती 6 महीने पहले शिवपुरी के रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई थी, जिसे 14 अगस्त को उदयपुर से बरामद किया गया था। पिता ने बेटी को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह अपने प्रेमी से ही शादी करने पर अड़ी थी। पिता के समाज और जाति के कारण शादी से मना करने पर युवती ने फिर से भागने की धमकी दी, जिससे नाराज होकर पिता ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
